Table of Contents
आज से चंबा में दमखम दिखाएंगे कोटड़ी व्यास स्कूल के 8 खिलाड़ी, हैंडबॉल और रग्बी में सिरमौर का करेंगे प्रतिनिधित्व
चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आज से शुरू हो रही अंडर-19 राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कोटड़ी व्यास स्कूल के आठ खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
हैंडबॉल और रग्बी में चयनित ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से जिला सिरमौर का नाम रोशन करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे
नाहन (सिरमौर)। शहीद कमलकांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के आठ खिलाड़ी आज से चंबा में शुरू हो रही अंडर-19 राज्य स्तरीय हैंडबॉल एवं रग्बी प्रतियोगिताओं में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में किया जा रहा है, जहां चयनित खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए विद्यालय के आर्यन, प्रिंस, हर्ष (उपली कोटड़ी) और अंकित व्यास का चयन जिला सिरमौर की टीम में हुआ है। वहीं, रग्बी में ध्रुव, तरुण (चांदपुर), आर्यन (उपली कोटड़ी) और अंकित व्यास ने जिला टीम में जगह बनाई है।
प्रतियोगिता की तैयारी के लिए खिलाड़ियों ने 12 से 14 अक्टूबर तक तारुवाला स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय कोचिंग कैंप में भाग लिया। कैंप के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता को निखारने के साथ प्रतियोगिता के लिए आवश्यक तैयारी की।
विद्यालय के आठ खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना स्कूल और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, समस्त शिक्षक वर्ग, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान मान सिंह, युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास के प्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
टीम कोच धर्मेंद्र चौधरी ने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और विद्यालय के साथ-साथ जिला सिरमौर का नाम रोशन करेंगे।
