बातामंडी की बालाजी कंपनी में दिवाली का शगुन लेने पहुंची थी शिकायतकर्ता, पुराने विवाद के बाद मारपीट करने का लगाया आरोप
पांवटा साहिब (सिरमौर)। दिवाली का शगुन लेने गई एक किन्नर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। देवीनगर निवासी ज्योति महंत ने राज कुमारी महंत और उनके साथ आए अन्य लोगों पर मारपीट करने तथा धमकियां दिलवाने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ज्योति महंत वार्ड नंबर 9, देवीनगर, पांवटा साहिब की निवासी हैं और क्षेत्र में बधाई लेने का काम करती हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पहले राज कुमारी महंत की शिष्या थीं, लेकिन बाद में उनसे अलग हो गईं। इसके बाद वह अपने शिष्यों के साथ क्षेत्र में शगुन और बधाई लेने जाती हैं।
शिकायत के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को ज्योति महंत अपने शिष्यों के साथ बातामंडी स्थित बालाजी कंपनी में दिवाली का शगुन लेने गई थीं। इसी दौरान राज कुमारी महंत अपने शिष्यों जस्सी और समीर निवासी छछरौली, हरियाणा, शहजाद उर्फ गेन्दा, फुरकान निवासी हल्दरी तथा तीन अन्य किन्नरों के साथ वहां पहुंचीं।
ज्योति महंत का आरोप है कि राज कुमारी महंत ने उन्हें देखकर अपने साथ आए लोगों के साथ मिलकर मारपीट की। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें धमकियां दिलवाई जाती हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
