त्रिलोकपुर मेले में पांचवें दिन घटे श्रद्धालु, माता के दरबार में चढ़ा 9.33 लाख का नकद चढ़ावा
खराब मौसम के चलते मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या रही कम, सोना-चांदी भी किया अर्पित। सप्तमी और अष्टमी पर उमड़ सकती है भक्तों की भारी भीड़।
कालाअंब (सिरमौर)। महामाया माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में चल रहे आश्विन शारदीय नवरात्रि मेले के पांचवें दिन मौसम ने श्रद्धालुओं की आमद पर असर डाला। सुबह अचानक मौसम खराब होने के कारण वीरवार को केवल 3500 श्रद्धालु ही माता के दर्शन के लिए पहुंचे। हालांकि, भक्तों की संख्या कम रहने के बावजूद माता के दरबार में श्रद्धा और आस्था के साथ नकद चढ़ावे के अलावा सोना-चांदी भी अर्पित किया गया।
मेले के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने मंदिर में 9,33,220 रुपये का नकद चढ़ावा चढ़ाया। इसके अतिरिक्त भक्तों ने 226 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना और 1280 ग्राम चांदी माता के चरणों में अर्पित की।
मेला अधिकारी एवं तहसीलदार नाहन उपेंद्र चौहान ने बताया कि वीरवार सुबह मौसम अचानक खराब होने के कारण श्रद्धालुओं की आमद कम दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नवरात्रि की सप्तमी और अष्टमी तिथि पर श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी। इन दिनों माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के त्रिलोकपुर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आगामी दिनों में मेले में भक्तों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
