हिमाचल के 10 जिलों में अंधड़ का येलो अलर्ट, 17 अक्टूबर तक बारिश के आसार; जानें सिरमौर में कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर करवट लेने की तैयारी में है। धूप के बीच अब अंधड़ और बारिश की संभावना ने लोगों को सतर्क रहने का संकेत दिया है। मौसम विभाग ने वीरवार को प्रदेश के 10 जिलों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में 17 अक्टूबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, 18 अक्टूबर से प्रदेशभर में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है।
मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बरकरार
बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। इसके चलते मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊना में सबसे अधिक 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सुंदरनगर में 30.7 और बिलासपुर में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
कांगड़ा में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री, जबकि नाहन और मंडी में 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय तेज धूप के कारण मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रहा।
पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह-शाम बढ़ रही ठंड
प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड महसूस की जा रही है। शिमला में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री और मनाली में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा धर्मशाला में 27.0 डिग्री, सोलन में 26.8, चंबा में 26.7 और पालमपुर में 25.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
सिरमौर सहित अन्य जिलों के लोग रहें सतर्क
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है। अंधड़ की आशंका के दौरान खुले स्थानों, कमजोर ढांचों और पेड़ों के आसपास सावधानी बरतना उचित रहेगा। बारिश की संभावना को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने वाले लोग भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलें।
मौसम का पूर्वानुमान: 17 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश और मौसम खराब रहने की संभावना है, जबकि 18 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
