राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता से लौट रहे हमीरपुर के छात्र की दर्दनाक मौत, बस में सफर के दौरान हुआ हादसा
कुपवी में वॉलीबॉल प्रतियोगिता खेलकर घर लौट रहा था आयुष कौंडल, सड़क किनारे खंभे से टकराया सिर; प्रशासन ने दी 25 हजार रुपये की फौरी राहत
शिमला। राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाकर घर लौट रहे हमीरपुर के एक स्कूली खिलाड़ी की सफर के दौरान दर्दनाक हादसे में जान चली गई। बस में सवार छात्र का सिर सड़क किनारे लगे टेलीफोन के खंभे से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान आयुष कौंडल पुत्र हुक्म सिंह, निवासी जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। आयुष राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी का छात्र था और वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शिमला जिले के कुपवी पहुंचा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुपवी में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला समाप्त होने के बाद आयुष करीब 40 अन्य छात्र खिलाड़ियों के साथ निजी बस में सवार होकर हमीरपुर लौट रहा था। इसी दौरान कुपवी से लगभग तीन से चार किलोमीटर दूर सफर करते समय उसका सिर सड़क किनारे खड़े टेलीफोन के खंभे से टकरा गया। हादसे में छात्र को गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद घायल आयुष को सिविल अस्पताल कुपवी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही कुपवी प्रशासन और पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के संबंध में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
टीम इंचार्ज को दी 25 हजार रुपये की फौरी राहत
इस दुखद घटना के बाद प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों और उनके साथ आए लोगों में शोक का माहौल है। वहीं, कुपवी उपमंडल का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने बताया कि मृतक छात्र की टीम के इंचार्ज को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।
