पैसा दोगुना करने का लालच देकर लोगों को लगा रहा था दड़ा-सट्टा, पुलिस ने दबोचा
कालाअंब पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,200 रुपये नकद किए बरामद
कालाअंब (सिरमौर)। त्रिलोकपुर के पास सड़क किनारे लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर दड़ा-सट्टा लगाने के लिए प्रेरित करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं और उसके विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना कालाअंब की टीम त्रिलोकपुर के पास गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने पाया कि एक व्यक्ति सड़क किनारे आने-जाने वाले लोगों को आवाज लगाकर बुला रहा था।
आरोप है कि व्यक्ति सफेद परने पर गिट्टियां रखकर लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच दे रहा था और उन्हें दड़ा-सट्टा लगाने के लिए प्रेरित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1,200 रुपये नकद बरामद हुए।
आरोपी की पहचान मोहित कुमार निवासी वाल्मिकी बस्ती, ओल्ड हमीदा, जगाधरी, जिला यमुनानगर, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस थाना कालाअंब में आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
