ददाहू में मकान के अंदर चल रहा था जुए का खेल, SIU टीम ने मारा छापा
मकान मालिक समेत 10 लोग गिरफ्तार, मौके से 1.41 लाख रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद
ददाहू (सिरमौर)। रेणुकाजी क्षेत्र के ददाहू में एक मकान के अंदर कथित तौर पर चल रहे जुए के अड्डे पर SIU नाहन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से मकान मालिक समेत 10 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान दांव पर लगाए गए 1,41,500 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को SIU नाहन की टीम ददाहू बाजार में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि यूको बैंक के नजदीक रहने वाला अमित सब्रवाल अपने मकान के कमरों में जुआ खिलवाता है और उस समय भी वहां कई लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मकान की धरातल मंजिल के एक कमरे की तलाशी लेने पर 10 व्यक्ति फर्श पर बैठकर पैसों का दांव लगाते हुए ताश खेलते मिले। पुलिस को देखकर सभी खड़े हो गए और ताश के पत्ते फर्श पर फेंक दिए। इसके बाद पुलिस ने मौके से 1,41,500 रुपये और ताश के पत्ते बरामद किए।
पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक अमित सब्रवाल के विरुद्ध जुआ अधिनियम की धारा 3 तथा जुआ खेलते पकड़े गए 10 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 4 के तहत पुलिस थाना रेणुकाजी में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगामी जांच जारी है।
