नाहन में पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की भिड़ंत, चार युवक घायल; मेडिकल कॉलेज में भर्ती
नाहन (सिरमौर)। नाहन में तेज रफ्तार वाहनों का खतरा एक बार फिर सामने आया है। यशवंत विहार कॉलोनी में पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की जोरदार टक्कर में चार युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा यशवंत विहार कॉलोनी में पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
नाहन-कुमारहट्टी सड़क पर तेज रफ्तार बाइकर्स से लोग परेशान
नाहन-कुमारहट्टी सड़क पर तेज रफ्तार से बाइक चलाने वालों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज गति से गुजरने वाले बाइकर्स के कारण पैदल चलने वालों को भी दुर्घटना का डर बना रहता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पीजी कॉलेज के आसपास पहले भी कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं। ऐसे में सड़क किनारे पैदल चलने और टहलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नाहन-कुमारहट्टी सड़क पर नियमित गश्त बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
