रेणुकाजी क्षेत्र में मारपीट का मामला, शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
ददाहू (सिरमौर)। सिरमौर जिले के रेणुकाजी क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला और उसकी बहू के साथ मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुदेवी निवासी तिरमली दयाड़, तहसील ददाहू ने 12 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसी दिन उसके बेटे हरिश शर्मा ने पहले लोहे की दराटी से उस पर हमला किया और फिर डंडे से मारपीट की। इस घटना में महिला को काफी चोटें आईं।
शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान महिला की बहू चंचल शर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उसके साथ भी मारपीट करने पर उतारू हो गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके बेटे ने उसे और उसकी बहू को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस थाना रेणुकाजी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
