गुरु कृपा फास्ट फूड के पास हुआ हादसा, शिकायत के आधार पर पुरुवाला पुलिस ने दर्ज किया मामला
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र के शिवपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दलवीर सिंह निवासी वार्ड नंबर 6, पांवटा साहिब ने बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को वह गांव शिवपुर में गुरु कृपा फास्ट फूड के पास खड़े थे। इसी दौरान पांवटा साहिब की ओर से एक मोटरसाइकिल आई, जिस पर एक व्यक्ति सवार था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी समय पुरुवाला की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने अपनी सही दिशा में चल रही मोटरसाइकिल को गलत दिशा में जाकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गया और उसे काफी चोटें आईं।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल मोटरसाइकिल सवार की पहचान तपेन्द्र कुमार निवासी काहनूवाला, डाकघर शिवपुर, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
पुलिस थाना पुरुवाला में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
