सिरमौर में 26 अक्टूबर से शुरू होगी पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया, 9,646 अभ्यर्थी होंगे शामिल
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारियां पूरी होने की दिशा में हैं। पुलिस लाइन नाहन में 26 अक्टूबर 2026 से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 9,646 महिला और पुरुष अभ्यर्थी शामिल होंगे। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी की ओर से यह जानकारी दी गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, महिला अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया 27 से 30 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 3,314 महिला अभ्यर्थी भाग लेंगी। वहीं, पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया 31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलेगी, जिसमें कुल 6,332 पुरुष अभ्यर्थी शामिल होंगे।
करवाचौथ पर भर्ती प्रक्रिया रहेगी स्थगित
पुलिस विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को करवाचौथ पर्व के अवसर पर भर्ती प्रक्रिया स्थगित रहेगी। अभ्यर्थियों को उनके रोल नंबर के आधार पर भर्ती में शामिल होने की तिथि निर्धारित की जाएगी।
रोल नंबर के अनुसार मिलेगी जानकारी
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी की ओर से अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की तिथि और अन्य आवश्यक निर्देशों की जानकारी जल्द ही आगामी प्रेस नोट तथा सोशल मीडिया के माध्यम से उपलब्ध करवा दी जाएगी। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे पुलिस विभाग की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और अपने रोल नंबर के अनुसार निर्धारित तिथि की जानकारी प्राप्त करें।
