त्रिलोकपुर बालासुंदरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, तीसरे दिन 10 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
नवरात्र मेले में माता के दरबार में श्रद्धालुओं ने चढ़ाया 14.73 लाख रुपये नकद चढ़ावा, 27.4 ग्राम सोना और 9.4 किलो चांदी भी अर्पित
कालाअंब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में शारदीय नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था लगातार उमड़ रही है। मेले के तीसरे दिन मंगलवार को करीब 10,000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर में नकदी के साथ सोने और चांदी के रूप में भी श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर चढ़ावा अर्पित किया।
मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद मुख्य आरती और भोग की रस्म पूरी की गई। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के बाद श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे समूहों में मंदिर में प्रवेश करवाया गया, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इस दौरान मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा।
हरियाणा से पहुंच रहे सर्वाधिक श्रद्धालु
नवरात्र मेले में हिमाचल प्रदेश के अलावा पड़ोसी राज्य हरियाणा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मेले में हरियाणा से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक बताई जा रही है।
मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि नवरात्र मेले के तीसरे दिन कुल 10,000 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चल रहा है।
माता के दरबार में इतना चढ़ावा हुआ अर्पित
एसडीएम राजीव सांख्यान के अनुसार, मेले के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर में 14,73,260 रुपये नकद चढ़ावा चढ़ाया गया। इसके अतिरिक्त 27 ग्राम 400 मिलीग्राम सोना और 9,400 ग्राम चांदी भी माता के चरणों में अर्पित की गई।
नवरात्र मेले के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। मंदिर प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं को समूहों में प्रवेश करवाया जा रहा है।
