शिलाई में राहगीरों को मोटी रकम का लालच देकर लगाया जा रहा था सट्टा, पुलिस ने नकदी और पर्चियां की बरामद
शिलाई (सिरमौर)। एक रुपये के बदले 80 रुपये देने का लालच देकर दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में शिलाई पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टे की पर्ची, नीले रंग का पेन और 950 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को थाना शिलाई की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नाया चौक से तोमर पेट्रोल पंप की ओर न्यायालय शिलाई के नजदीक एक व्यक्ति राहगीरों को रुपये के बदले अधिक रकम देने का लालच देकर दड़ा-सट्टा लगा रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति को काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान दलीप तोमर पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव डियान्डो, डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कब्जे से दड़ा-सट्टा पर्ची, एक नीले रंग का पेन और कुल 950 रुपये नकद मिले। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना शिलाई में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
