हिमाचल में बर्फबारी से सड़कें ठप, उड़ान रद्द; चोटियों पर जमी बर्फ, कई इलाकों में बढ़ी मुश्किलें
रोहतांग-शिंकुला दर्रे में बर्फबारी से यातायात प्रभावित, मंडी-कुल्लू हाईवे पर गिरते पत्थरों ने रोकी रफ्तार; प्रदेश में ठंड बढ़ने के साथ मौसम विभाग का अलर्ट जारी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने के साथ कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ, जबकि खराब मौसम के चलते हवाई सेवा भी बाधित रही। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
रविवार को रोहतांग और शिंकुला दर्रे के अलावा सिरमौर, भरमौर और धर्मशाला के धौलाधार क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। चंबा जिले के मणिमहेश, कुगती, चौबिया और खपरांस जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में करीब 10 सेंटीमीटर तक बर्फ दर्ज की गई।
मंडी-कुल्लू हाईवे पर गिरने लगे पत्थर
लगातार बारिश के बीच मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर झलोगी के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। इससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। वहीं, लारजी-सैंज मार्ग पर पागलनाला में मलबा आने से वाहनों की आवाजाही कई घंटे प्रभावित हुई। शिंकुला दर्रे में बर्फबारी के कारण दारचा-शिंकुला मार्ग पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही बंद करनी पड़ी।
दिल्ली से गगल आने वाली उड़ान रद्द
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। दिल्ली से कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे पर आने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान रद्द करनी पड़ी। प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कई जिलों में सुबह से शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही।
शिमला जिले के सराहन में सबसे अधिक 30.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पालमपुर में 6.0, सुंदरनगर में 5.6, धर्मशाला में 1.1 और मनाली में 1.0 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
चंबा में सामान्य से 15.1 डिग्री नीचे पहुंचा अधिकतम तापमान
बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है। चंबा में अधिकतम तापमान सामान्य से 15.1 डिग्री, सोलन में 10.8 डिग्री और सुंदरनगर में 10 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मनाली में 8.2 डिग्री, धर्मशाला में 6.6 डिग्री और शिमला में 5.8 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।
रविवार को चंबा का अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री, सोलन का 17 डिग्री, मनाली का 14.6 डिग्री और शिमला का 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, ऊना 30.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
कई जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार और मंगलवार को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर, जबकि मंगलवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
15 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। मौसम 17 अक्टूबर तक खराब रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
