त्रिलोकपुर माता बाला सुंदरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, पहले दिन 30 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
कालाअंब (सिरमौर)। शारदीय नवरात्र के पहले दिन प्रसिद्ध सिद्धपीठ माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से देर रात तक मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा। पहले ही दिन माता के दरबार में 30 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका, जबकि मंदिर को 16.16 लाख रुपये से अधिक का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ।
हिमाचल-हरियाणा सीमा के समीप स्थित इस प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर नवरात्र मेले के पहले दिन रविवार को दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कई श्रद्धालु शनिवार को ही त्रिलोकपुर पहुंच गए थे और रविवार तड़के से ही माता के दर्शन के लिए कतारों में लग गए।
मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे खोले गए। इसके बाद पुश्तैनी भगत परिवार की ओर से मुख्य आरती की रस्म निभाई गई और फिर श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश दिया गया। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के चलते सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही तेज रही और देर रात तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा।
डीसी प्रियंका वर्मा ने हवन यज्ञ में डाली आहुति
प्रथम शारदीय नवरात्र के अवसर पर मंदिर न्यास समिति की अध्यक्ष एवं सिरमौर की डीसी प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता कापटा तथा एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने मंदिर में आयोजित हवन यज्ञ में आहुतियां डालीं और पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया।
मौसम बदला, फिर भी श्रद्धालुओं की आस्था रही अडिग
दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली। तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मौसम में आए बदलाव का श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई खास असर नहीं पड़ा और माता के दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना लगातार जारी रहा।
पहले दिन 16.16 लाख रुपये से अधिक का चढ़ावा
मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि अश्विन मास के शारदीय नवरात्र मेले के पहले दिन रविवार को करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता बाला सुंदरी के दरबार में शीश नवाया। इस दौरान मंदिर में 16 लाख 16 हजार 500 रुपये नकद चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए।
उन्होंने बताया कि नवरात्र मेला शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं।
