Table of Contents
त्रिलोकपुर नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं को मिलेगी पंचकर्म चिकित्सा की सुविधा, 15 दिन चलेगा आयुष शिविर
नवरात्र मेले में दर्शन के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का भी लाभ उठा सकेंगे श्रद्धालु, आयुष विभाग ने की विशेष व्यवस्था।
योग, मर्म चिकित्सा और औषधीय उपचार के साथ मरीजों के आराम के लिए छह बिस्तरों की सुविधा भी रहेगी उपलब्ध।
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ महामाया बाला सुंदरी मंदिर, त्रिलोकपुर में आयोजित होने वाले नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके लिए आयुष विभाग की ओर से 15 दिवसीय चिकित्सा शिविर लगाया जा रहा है। इस बार शिविर में पंचकर्म चिकित्सा को भी शामिल किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।
आयुष विभाग ने शिविर में पंचकर्म चिकित्सा सेवाएं देने के लिए दो तकनीशियनों की तैनाती की है। इसके अलावा श्रद्धालुओं को योग, मर्म चिकित्सा और औषधीय उपचार की सुविधा भी मिलेगी। उपचार के दौरान यदि किसी मरीज को आराम करने की आवश्यकता होती है, तो उसके लिए शिविर में छह बिस्तरों की व्यवस्था की गई है।
शिविर की नोडल अधिकारी डॉ. अदिति शर्मा ने बताया कि त्रिलोकपुर नवरात्र मेले के दौरान हर वर्ष की तरह इस बार भी 15 दिनों तक आयुष चिकित्सा शिविर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं को पंचकर्म चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध करवाना शिविर की विशेष पहल है।
उन्होंने बताया कि शिविर के सुचारू संचालन के लिए चिकित्सकों, फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। डॉ. अदिति शर्मा के साथ डॉ. सपना, फार्मासिस्ट बलविंद्र और बिमला सहित तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिविर में अपनी सेवाएं देंगे।
आयुष विभाग की इस व्यवस्था से नवरात्र मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन के साथ जरूरत के अनुसार पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की सेवाएं भी मिल सकेंगी।
