पांवटा साहिब में चिट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 6.35 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
मिश्रवाला में गुप्त सूचना के आधार पर SIU नाहन की टीम ने की कार्रवाई, माजरा थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पांवटा साहिब क्षेत्र में SIU नाहन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6.35 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SIU नाहन की टीम गश्त के दौरान मिश्रवाला में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सौरव सैणी उर्फ निशू सैणी निवासी क्यारदा, डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब, कथित तौर पर क्षेत्र में चिट्टा बेचने के धंधे में संलिप्त है। सूचना के मुताबिक, आरोपी पुरुवाला से पीपलीवाला की ओर चिट्टा बेचने के इरादे से आ रहा था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और संदिग्ध की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से कुल 6.35 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
