सोलन: चलती कार में अचानक भड़की आग, अंदर बच्चे समेत सवार लोगों की अटकी सांसें; बाल-बाल बची जान
नौणी से धारों की धार सड़क पर क्लोड गांव के पास हुआ हादसा, दमकल टीम के पहुंचने से पहले राख हो गई कार
सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन में एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कार में एक छोटा बच्चा भी सवार था। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले सभी सवार बाहर निकलने में कामयाब रहे और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, नौणी से धारों की धार जाने वाली सड़क पर क्लोड गांव के समीप यह घटना सामने आई। सड़क पर चल रही कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार में सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद कार मालिक ने पुलिस और अग्निशमन केंद्र को इसकी सूचना दी। हालांकि, दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचते, उससे पहले ही आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया।
इस घटना में राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। यदि वे समय रहते वाहन से बाहर नहीं निकल पाते, तो यह घटना गंभीर हादसे में बदल सकती थी।
फिलहाल कार में आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
