पांवटा साहिब में चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कुल 7.15 ग्राम हेरोइन बरामद
बातापुल चौक और यमुना पुल बैरियर के पास पुलिस की कार्रवाई, दोनों मामलों में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 7.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों मामलों में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई 8 अक्टूबर को पांवटा साहिब पुलिस थाना की टीम ने बातापुल चौक के पास की। गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र के गांव चुहड़पुर निवासी जाकिर अली आसपास के इलाकों में चिट्टा बेचने का धंधा करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 4.03 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में SIU नाहन की टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि भगत सिंह उर्फ अमन, जो मूल रूप से हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में पांवटा साहिब के फूलपुर में रह रहा है, मोटरसाइकिल पर चिट्टा बेचने का धंधा करता है। सूचना के मुताबिक, आरोपी यमुना पुल बैरियर के पास राम मंदिर के गेट के सामने मोटरसाइकिल सहित मौजूद था।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से 3.12 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में भी पांवटा साहिब पुलिस थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस दोनों मामलों में आगामी जांच कर रही है। जांच के दौरान नशे की सप्लाई और कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
