Home जनसरोकार बिलासपुर: घुमारवीं में सफाई कर्मचारियों का गुस्सा फूटा! गांधी चौक पर फेंका 3 टेंपो कूड़ा, जानें पूरा मामला

बिलासपुर: घुमारवीं में सफाई कर्मचारियों का गुस्सा फूटा! गांधी चौक पर फेंका 3 टेंपो कूड़ा, जानें पूरा मामला

by Dainik Janvarta
0 comment

घुमारवीं में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, गांधी चौक पर खाली किए कूड़े से भरे तीन टेंपो

मारपीट के आरोप से भड़के कर्मचारी, प्रशासन और नगर परिषद के हस्तक्षेप के बाद खुद हटाया कचरा

बिलासपुर। मारपीट के आरोप को लेकर सफाई कर्मचारियों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर उतर आया। विरोध जताने के लिए कर्मचारियों ने घुमारवीं के गांधी चौक पर कूड़े से भरे तीन टेंपो खाली कर दिए, जिससे मुख्य चौक पर कचरे के ढेर लग गए और बाजार आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, सफाई कर्मचारी शुक्रवार सुबह शहर में घर-घर से कूड़ा एकत्र करने के काम में जुटे थे। इसी दौरान वार्ड नंबर सात के बजोहा क्षेत्र में एक व्यक्ति पर सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना से नाराज कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप गांधी चौक पर एकत्रित कचरा डाल दिया।

मुख्य चौक पर कूड़ा जमा होने की सूचना मिलने के बाद नगर परिषद के अध्यक्ष अमित कुमार, कार्यकारी अधिकारी खेम चंद वर्मा और संबंधित पार्षद मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों की नाराजगी को देखते हुए नगर परिषद में आपात बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

इसके बाद घुमारवीं के एसडीएम अभिषेक बरवाल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की प्रारंभिक सूचना मिली है। मामले के तथ्यों की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकने से आम लोगों को होने वाली असुविधा की ओर भी ध्यान दिलाया। प्रशासन और नगर परिषद की ओर से कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद कर्मचारी शांत हुए। इसके बाद उन्होंने गांधी चौक पर बिखेरा गया कचरा स्वयं उठाया, जिससे चौक पर हालात सामान्य हो गए।

फिलहाल, मारपीट के आरोपों को लेकर प्रशासन की ओर से जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.