चूड़धार में सीजन की पहली बर्फबारी, महादेव के धाम में बदला मौसम; श्रद्धालुओं में बढ़ा उत्साह
सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी पर गिरे बर्फ के फाहे, मंदिर परिसर में दिखी सफेद चादर की झलक; ठंड बढ़ने पर श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में मौसम ने सर्दियों की आहट दे दी है। बुधवार देर शाम चूड़ेश्वर महादेव मंदिर और आसपास की पहाड़ियों पर सीजन की पहली हल्की बर्फबारी हुई, जिसके बाद क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है।
बर्फबारी के बाद गुरुवार सुबह मंदिर की छत, सीढ़ियों और आसपास के हिस्सों में बर्फ की हल्की परत दिखाई दी। चूड़धार में मौसम के इस बदलाव की खबर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महादेव के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु अब यहां के प्राकृतिक नजारों और बर्फबारी का अनुभव करने को लेकर भी उत्सुक हैं।
इन दिनों चूड़ेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए बाहरी क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सीजन की पहली बर्फबारी ने चूड़धार की खूबसूरती में नया रंग भर दिया है। हालांकि, ऊंचाई वाले इस क्षेत्र में तापमान गिरने और ठंडी हवाएं चलने से यात्रियों के लिए मौसम संबंधी सावधानी बरतना भी जरूरी हो गया है।
चूड़धार इंचार्ज एवं चूड़ेश्वर सेवा समिति के पदाधिकारी बाबू राम ने बताया कि क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई है और मौसम काफी ठंडा हो गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। उन्होंने चूड़धार आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पर्याप्त गर्म कपड़े और जरूरत का अन्य सामान साथ लेकर आएं, ताकि ठंड के कारण परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि चूड़ेश्वर महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। मौसम में बदलाव को देखते हुए चूड़धार की यात्रा पर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों के साथ स्थानीय मौसम की स्थिति का ध्यान रखकर ही आगे बढ़ना चाहिए।
