पांवटा साहिब में गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, घर से 119.46 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
बातापुल चौक के पास गश्त के दौरान पुलिस को मिली गुप्त सूचना, कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा। NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 119.46 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी पर अपने घर से गांजा बेचने का धंधा करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पांवटा साहिब पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम जब बातापुल चौक के पास मौजूद थी, तो उसे गुप्त सूचना मिली कि बगाला बस्ती भाटावाली निवासी वेदी अपने रिहायशी मकान में गांजा बेचने का काम करता है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 119.46 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
