कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क की सुधरने लगी हालत, नवरात्र मेले से पहले मिलेगी राहत
तीन साल से बदहाली झेल रहे संपर्क मार्ग पर शुरू हुआ टाइल्स पैचवर्क, औद्योगिक संगठनों ने स्थायी सुधारीकरण की उठाई मांग
कालाअंब (सिरमौर)। लंबे समय से खस्ताहाल कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क पर अब सुधार कार्य शुरू हो गया है। नवरात्र मेले से पहले सड़क की हालत सुधारने की तैयारी है, जिससे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब को त्रिलोकपुर से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर लोक निर्माण विभाग ने टाइल्स लगाने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल सड़क के ज्यादा खराब हिस्सों को प्राथमिकता दी जा रही है। इन दिनों कैनरा बैंक के समीप सड़क की मरम्मत का कार्य चल रहा है।
विभाग के अनुसार, त्रिलोकपुर में शुरू होने वाले नवरात्र मेले से पहले सड़क के बड़े हिस्से की हालत में सुधार होने की संभावना है। इससे मेले के दौरान यहां आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही, रोजाना इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों और उद्योगों से जुड़े लोगों को भी इसका लाभ मिल सकता है।
तीन साल से सड़क की हालत सुधारने की उठ रही थी मांग
कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क की खराब हालत लंबे समय से क्षेत्रवासियों और औद्योगिक संगठनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। लोगों के अनुसार, पहले साल में दो बार आयोजित होने वाले नवरात्र मेलों से पहले सड़क की मरम्मत करवाई जाती थी। हालांकि, पिछले करीब तीन वर्षों से सड़क के कई हिस्सों की स्थिति खराब बनी हुई थी और कुछ स्थानों पर मिट्टी डालकर काम चलाया जा रहा था।
ऐसे में अब क्षतिग्रस्त हिस्सों पर टाइल्स लगाने का काम शुरू होने से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
नवरात्र मेले से पहले सुधार कार्य पूरा करने की उम्मीद
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सचिन शर्मा ने बताया कि कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क के अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों में प्राथमिकता के आधार पर टाइल्स लगाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि त्रिलोकपुर में नवरात्र मेला शुरू होने तक सड़क की स्थिति में काफी सुधार हो जाएगा।
औद्योगिक संगठनों ने जताया आभार, स्थायी समाधान पर दिया जोर
सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू होने पर कालाअंब के औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों दीपन गर्ग, सुरेंद्र जैन, अखिल माहेश्वरी, संजय सिगला, मनोज गर्ग, हर्ष कांसल, विकास कांसल और रमेश गोयल ने जिला प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि टाइल्स पैचवर्क से फिलहाल लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सड़क की समस्या का स्थायी समाधान भी जरूरी है। औद्योगिक संगठनों ने मांग की कि सड़क का समुचित सुधारीकरण करवाने के साथ-साथ इसके नियमित रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों को बार-बार खराब सड़क की समस्या का सामना न करना पड़े।
