ऊना में किडनी मरीज को ठीक करने का झांसा, पत्नी से सोने के गहने लेकर फरार हुए चार लोग
धार्मिक क्रिया के नाम पर महिला से उतरवाए आभूषण, रूमाल खोलने पर सामने आया ठगी का खेल
ऊना। जिले के अंब उपमंडल की दिलवां पंचायत में बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक दंपती के साथ ठगी का मामला सामने आया है। चार लोगों ने किडनी की बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति का इलाज करने का भरोसा दिलाया और उसकी पत्नी को अपनी बातों में फंसाकर सोने के आभूषण ले लिए।
बताया जा रहा है कि दिलवां निवासी बलवीर चौधरी किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। इसी का फायदा उठाते हुए चार लोग उनके घर पहुंचे और परिवार को भरोसा दिलाया कि वे बीमारी को ठीक कर सकते हैं। इसके बाद आरोपियों ने महिला के सामने कुछ कथित धार्मिक क्रियाएं करने का नाटक किया।
इसी दौरान आरोपियों ने महिला को बताया कि शरीर पर पहने सोने के गहने उपचार में बाधा पैदा कर रहे हैं। उनकी बातों पर विश्वास करते हुए महिला ने अपनी सोने की बालियां और सिंगी उतारकर आरोपियों को सौंप दी।
गहने लेने के बाद आरोपियों ने एक रूमाल में कुछ बांधकर महिला को पकड़ा दिया और उसे शाम करीब छह बजे खोलने के लिए कहा। इसके बाद चारों लोग वहां से निकल गए।
निर्धारित समय पर जब महिला ने रूमाल खोला तो उसमें कुछ भी नहीं था। तब परिवार को समझ आया कि बीमारी ठीक करने के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही उनके आने-जाने और इस्तेमाल किए गए वाहन से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस को ठगी की शिकायत मिली है और मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बीमारी ठीक करने या किसी अन्य तरह का चमत्कारी इलाज करने का दावा करने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।
