सोलन में बिजली लाइन ठीक करते समय हादसा, करंट लगने से कर्मचारी की मौत
सोलन। बिजली की बाधित लाइन को बहाल करने के लिए खंभे पर चढ़े 36 वर्षीय बिजली कर्मचारी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सहकर्मी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटना गुरुवार सुबह चायल विद्युत सेक्शन के नगाली क्षेत्र में माड़ी जुब्बड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार चायल सेक्शन में कार्यरत कर्मचारी प्रवीण कुमार कुछ अन्य कर्मचारियों के साथ बिजली की लाइन में आई खराबी को ठीक करने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि लाइन की मरम्मत के दौरान प्रवीण कुमार बिजली के खंभे पर चढ़े। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और खंभे से नीचे गिर पड़े। हादसा होते ही साथ मौजूद कर्मचारियों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल चायल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रवीण कुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक मूल रूप से कांगड़ा जिले के गंगथ के रहने वाले बताए जा रहे हैं और कंडाघाट विद्युत उपमंडल के चायल सेक्शन में तैनात थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी चायल की टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सोलन के पुलिस अधीक्षक टी. साई वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है।
