Home मौसम अपडेट हिमाचल में मौसम का डबल अलर्ट! नाहन में बिना बारिश दरकी पहाड़ी, 14 अक्तूबर तक बरसेंगे बादल

हिमाचल में मौसम का डबल अलर्ट! नाहन में बिना बारिश दरकी पहाड़ी, 14 अक्तूबर तक बरसेंगे बादल

by Dainik Janvarta
0 comment

नाहन में बिना बारिश अचानक दरकी पहाड़ी, सड़क पर मलबा आने से आवाजाही ठप

सिरमौर समेत हिमाचल में अगले छह दिन बारिश के आसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना

नाहन (सिरमौर)। सिरमौर में मौसम साफ रहने के बावजूद गुरुवार शाम कौलांवालाभूड़-बर्मा पापड़ी मार्ग पर गुलरिया के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया। देखते ही देखते सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ गया और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। इस घटना ने क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि स्थानीय लोगों के मुताबिक इस सीजन में बिना बारिश के हुआ यह सबसे बड़ा भूस्खलन है।

भूस्खलन के कारण कौलांवालाभूड़ की ओर से नाहन, कालाअंब और अन्य क्षेत्रों की तरफ जाने वाले वाहन रास्ते में फंस गए। वहीं बर्मा पापड़ी की ओर से आने वाले वाहनों की भी आवाजाही थम गई। मार्ग बंद होने के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।

रोजाना आवाजाही प्रभावित

कौलांवालाभूड़-बर्मा पापड़ी मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यहां से स्थानीय लोगों के अलावा बड़ी संख्या में मजदूर और औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारी रोजाना आवागमन करते हैं। सड़क बंद होने से काम पर जाने वाले लोगों के साथ क्षेत्र की सामान्य आवाजाही भी प्रभावित हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गुलरिया ढांग का हिस्सा पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। हिमांशु ठाकुर सहित लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि केवल मलबा हटाकर मार्ग खोलने के बजाय इस स्थान का स्थायी समाधान किया जाए।

लोगों ने मौके पर जल्द मशीनरी भेजकर सड़क बहाल करने के साथ संवेदनशील पहाड़ी का तकनीकी निरीक्षण करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में भूस्खलन की घटनाओं से यातायात बाधित न हो।

14 अक्तूबर तक बारिश का दौर

उधर, हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 14 अक्तूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

8 अक्तूबर को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। मैदानी और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ कहीं-कहीं बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

9 अक्तूबर को मैदानी और निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश तथा ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

इसके बाद 10 से 14 अक्तूबर तक भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम खराब रहने और बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की संवेदनशील जगहों पर लोगों और वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.