ब्यास नदी के बीच पत्थर पर पूरी रात बैठी रही 87 वर्षीय बुजुर्ग, सुबह पुलिस ने पीठ पर उठाकर निकाला
रास्ता भटककर नदी किनारे पहुंची कमला देवी, बिजली बोर्ड कर्मचारियों की नजर पड़ी तो बची जान
मंडी। नगर निगम मंडी के सैण मोहल्ले की 87 वर्षीय कमला देवी बुधवार सुबह उस समय सुरक्षित बचाई गईं, जब वह पूरी रात ब्यास नदी के बीच एक पत्थर पर बैठी मिलीं। ठंड से बचने के लिए उनके पास केवल एक पतला कंबल था। सुबह बिजली बोर्ड कर्मचारियों की नजर महिला पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक कमला देवी मंगलवार रात खाना खाने और दवाई लेने के बाद अपने कमरे में सोई थीं। सुबह परिजनों ने उन्हें चाय देने के लिए कमरे में देखा, लेकिन वह वहां नहीं मिलीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान पता चला कि कमला देवी रास्ता भटकते हुए ब्यास नदी के किनारे पहुंच गई थीं। रात के अंधेरे में वह नदी के पानी के बीच एक पत्थर पर बैठ गईं और वहीं पूरी रात गुजार दी।
सुबह बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने नदी के बीच बुजुर्ग महिला को देखा तो उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बेहद सावधानी से कमला देवी को नदी से बाहर निकाला। पुलिस कर्मियों ने उन्हें अपनी पीठ पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
परिजनों और स्थानीय लोगों के लिए राहत की बात यह रही कि रात के दौरान पंडोह बांध से पानी नहीं छोड़ा गया। यदि नदी का जलस्तर अचानक बढ़ता या तेज बहाव आता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
समय पर महिला पर नजर पड़ने और पुलिस तक सूचना पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस टीम और बिजली बोर्ड कर्मचारियों की तत्परता से 87 वर्षीय कमला देवी को सुरक्षित बचा लिया गया।
