सड़क किनारे ट्रक के टायर की हवा चेक कर रहा था चालक, पीछे से आए ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
गंभीर रूप से घायल चालक ने चंडीगढ़ में उपचार के दौरान तोड़ा दम, दूसरे ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
नाहन (सिरमौर)। नाहन-पांवटा साहिब मार्ग पर दो सड़का के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चालक सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर उसके टायर की हवा चेक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए दूसरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनव्वर के रूप में हुई है, जो ट्रक नंबर HR 67 F 2064 चलाता था। मृतक के भाई आमिर निवासी गढ़ी दौलत, तहसील कैराना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5 बजे मनव्वर ट्रक लेकर पांवटा साहिब से पानीपत के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ एक अन्य ट्रक नंबर HR 67 F 2243 भी पांवटा साहिब से पानीपत की ओर जा रहा था, जिसे साबिर निवासी चकवाली, तहसील रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) चला रहा था।
सुबह करीब 8:30 बजे दो सड़का, नाहन से आगे मनव्वर ने अपना ट्रक सड़क किनारे खाली स्थान पर खड़ा किया और टायर की हवा चेक करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक चालक साबिर ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मनव्वर को टक्कर मार दी।
हादसे में मनव्वर के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ और GMC सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक साबिर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
