शिमला में अचानक दरकी पहाड़ी, सड़क पर गिरा मलबा; चपेट में आने से बाल-बाल बचीं गाड़ियां
शिमला। राजधानी शिमला में बुधवार को उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब संजौली-ढली बाईपास पर अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरककर सड़क पर आ गिरा। भारी मलबे और पत्थरों के बीच से गुजर रही कई गाड़ियां इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं।
घटना बुधवार दोपहर करीब सवा तीन बजे की बताई जा रही है। अचानक हुए भूस्खलन से सड़क पर बड़ी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा जमा हो गया। घटना के दौरान बाईपास से वाहनों की आवाजाही जारी थी, जिससे कुछ समय के लिए यहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भूस्खलन के बाद निर्माण कार्य में लगी जेसीबी की मदद से सड़क पर गिरे मलबे और पत्थरों को हटाने का काम शुरू किया गया। कुछ ही देर में सड़क को यातायात के लिए दोबारा खोल दिया गया। हालांकि, पहाड़ी से अभी भी छोटे-बड़े पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है, जिसके चलते वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें पहाड़ी से मलबा सड़क की ओर गिरता दिखाई दे रहा है।
पहले भी दरक चुकी है पहाड़ी
संजौली-ढली बाईपास पर भूस्खलन की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 18 जून को भी इसी मार्ग पर पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया था। उस दौरान भारी चट्टानों, पेड़ और बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया था, जिसके चलते करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा था।
बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं के कारण बाईपास से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।
