नाहन पहुंचे हरियाणा CM नायब सैनी, दिवंगत भाजपा नेता विनय गुप्ता के परिजनों से मिलकर जताया शोक
भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय गुप्ता के निधन पर शोक जताने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नाहन पहुंचे।
जुड्डा का जोहड़ हेलीपैड से लेकर नाहन तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद सीएम सैनी ने गुप्ता के आवास पहुंचकर परिवार से मुलाकात की।
नाहन (सिरमौर)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत भाजपा नेता विनय गुप्ता के आवास पर जाकर उनके परिवारजनों से मुलाकात की और उनके निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री सैनी ने शोक संतप्त परिवार से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
इससे पहले नायब सिंह सैनी के नाहन पहुंचने पर जुड्डा का जोहड़ स्थित हेलीपैड पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे।
हेलीपैड पर स्वागत कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सैनी सड़क मार्ग से नाहन पहुंचे। उनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।
नाहन पहुंचने के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे विनय गुप्ता के परिवार से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने का संदेश दिया।
