ट्यूशन से लौट रहे किशोर से गाली-गलौज का आरोप, पूछताछ करने पहुंचे पूर्व सैनिक पर हमला
नाहन के झमीरिया क्षेत्र में विवाद बढ़ने पर लोहे के कड़े से सिर और नाक पर वार करने का आरोप, घायल को अस्पताल में लगे टांके
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन के समीप झमीरिया (बनोग) क्षेत्र में किशोर से कथित गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। अपने बेटे के साथ हुई घटना का कारण पूछने पहुंचे 43 वर्षीय पूर्व सैनिक दिनेश चौहान पर हमला किए जाने का आरोप है। हमले में उनके सिर, माथे और नाक पर चोटें आई हैं।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, सैन की सैर निवासी दिनेश चौहान का 15 वर्षीय बेटा अर्श चौहान 6 अक्तूबर की शाम यशवंत विहार में ट्यूशन पढ़ने गया था। वापस लौटते समय झमीरिया के पास सड़क किनारे पैराफिट पर कुछ युवक बैठे थे। आरोप है कि युवकों ने किशोर को अपने पास बुलाया, लेकिन उसके वहां नहीं जाने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पीछे से कांच की बोतल फेंकी गई, जो किशोर को नहीं लगी।
घर पहुंचने के बाद किशोर ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद दिनेश चौहान स्कूटी से झमीरिया पहुंचे और पैराफिट पर बैठे युवकों से बेटे के साथ कथित गाली-गलौज और बोतल फेंकने का कारण पूछा।
शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान बहसबाजी बढ़ गई और मौके पर मौजूद एक अन्य युवक ने कथित तौर पर दिनेश चौहान के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि युवक ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से उनके सिर और नाक पर वार कर दिया। हमले में वह घायल हो गए और उनके सिर व चेहरे से खून बहने लगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की सहायता से घायल दिनेश चौहान को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया और सिर की चोटों पर टांके लगाए। अस्पताल में उनका मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट भी तैयार किया गया।
पुलिस ने मामले से जुड़े बताए जा रहे तीन अन्य युवकों ऋषभ, आशीष और पीयूष का भी मेडिकल करवाया है। थाना सदर नाहन पुलिस ने दिनेश चौहान की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत प्राप्त हुई है, लेकिन अभी क्रॉस एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
