शोघी के पास बस में पुलिस की दबिश, 12 ग्राम चिट्टे के साथ ठियोग का युवक गिरफ्तार
शिमला में नशे की खेप लेकर सफर कर रहे एक युवक को पुलिस ने शोघी के पास दबोच लिया। बस की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 12 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
शिमला। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए ठियोग निवासी एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रमन हिमालवी निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस को 6 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि सोलन से शिमला की ओर आ रही एक बस में एक युवक नशीला पदार्थ लेकर सफर कर रहा है। सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने शोघी पुलिस चौकी के समीप बस को रुकवाया और संदिग्ध युवक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से करीब 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस थाना शिमला में अभियोग संख्या 212/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने 7 अक्तूबर 2026 को आरोपी के खिलाफ धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ आरोपी तक कहां से पहुंचा और क्या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भूमिका है। आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।
