कोटड़ी व्यास के तीन सितारे अब मंडी में दिखाएंगे दम, राज्यस्तरीय हैंडबॉल टीम में बनाई जगह
अंश, आर्यन और शिवाश का अंडर-14 सिरमौर टीम में चयन, 9 से 11 अक्टूबर तक मंडी में होगी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता
नाहन (सिरमौर)। शहीद कमलकांत स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी व्यास के तीन होनहार खिलाड़ियों ने जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन के दम पर राज्यस्तरीय अंडर-14 हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए सिरमौर की टीम में जगह बनाई है। अब अंश, आर्यन और शिवाश मंडी में सिरमौर का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राज्यस्तरीय टीम के लिए चयनित खिलाड़ियों में अंश पुत्र हेमराज निवासी कोटड़ी, आर्यन पुत्र हेमराज निवासी निचली कोटड़ी और शिवाश पुत्र सोमनाथ निवासी उपली कोटड़ी शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका चयन राज्यस्तर के लिए किया गया।
राज्यस्तरीय अंडर-14 हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक मंडी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) मंडी में किया जाएगा। प्रतियोगिता से पहले चयनित खिलाड़ियों के लिए 5 से 8 अक्टूबर तक कोविड मॉडल स्कूल नाहन में प्रशिक्षण एवं कोचिंग शिविर आयोजित किया जा रहा है, जहां उन्हें खेल की तकनीक, रणनीति और आवश्यक बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, कोच धर्मेंद्र चौधरी सहित विद्यालय स्टाफ और क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने तीनों खिलाड़ियों को राज्यस्तर के लिए चयनित होने पर बधाई दी। कोच धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर तीनों खिलाड़ियों का राज्यस्तर तक पहुंचना विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी मंडी में भी शानदार प्रदर्शन कर सिरमौर और कोटड़ी व्यास का नाम रोशन करेंगे।
