शिलाई में आंगनवाड़ी सहायिका के 6 पदों पर भर्ती, 24 अक्टूबर तक करें आवेदन
12वीं पास महिलाओं के लिए मौका, 3 नवंबर को होगा साक्षात्कार; आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित
शिलाई (सिरमौर)। बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी सह प्रीस्कूल (आंगनवाड़ी केंद्रों) में सहायिका के छह रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन पदों के लिए संबंधित क्षेत्रों की सामान्य निवासी इच्छुक महिलाएं आवेदन कर सकती हैं।
रिक्त पद ग्राम पंचायत पोहटा मानल के मुनई बेलाड़ी, भंगाटा और जुईनल आंगनवाड़ी केंद्र, ग्राम पंचायत बकरास के बम्बराड़, ग्राम पंचायत बेला के बशवा तथा ग्राम पंचायत काण्डो भटनोल के भटनोल आंगनवाड़ी केंद्र में भरे जाएंगे।
इच्छुक महिलाएं सादे कागज पर स्वयं सत्यापित दस्तावेजों के साथ 24 अक्टूबर 2026 की शाम 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, शिलाई के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकती हैं। इन पदों के लिए 3 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे उपमंडल अधिकारी (ना.) शिलाई के कार्यालय में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता सिंगटा ने बताया कि आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त स्कूल शिक्षा बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उच्च शिक्षा प्राप्त उम्मीदवारों को नियमानुसार अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।
आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक हिमाचल प्रदेश की स्थायी निवासी होने के साथ-साथ संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के लाभान्वित क्षेत्र की सामान्य निवासी भी होनी चाहिए।
इसके लिए संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा जारी और संबंधित वृत पर्यवेक्षक से प्रतिहस्ताक्षरित सामान्य निवासी प्रमाण-पत्र भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करना होगा।
25 अंकों के आधार पर होगा चयन
सीडीपीओ गीता सिंगटा ने बताया कि चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, अन्य प्रमाण-पत्रों एवं योग्यताओं तथा साक्षात्कार में प्राप्त अंकों को आधार बनाया जाएगा। चयन वरीयता के आधार पर किया जाएगा और इसके लिए अधिकतम 25 अंक निर्धारित किए गए हैं।
