जमीन में काम करने से रोकना एक महिला को भारी पड़ गया।
बिक्रमबाग के खैर वाला में पड़ोसियों पर महिला से मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला।
कालाअंब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत बिक्रमबाग के खैर वाला क्षेत्र में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर जबरन उसकी जमीन में घुसकर काम करने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस को दी शिकायत में फातिमा पत्नी आशिक अली, निवासी गांव खैर वाला, विक्रमबाग ने बताया कि सोमवार को उसके पड़ोसी मोईनुद्दीन, उसकी पत्नी खदेजा, उसके भाई की पत्नी फरमिदा और फिरयाद उसकी जमीन में कथित तौर पर जबरदस्ती घुसकर काम कर रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने उन्हें ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया तो चारों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। हाथापाई में महिला को चोटें आने की बात कही गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कालाअंब में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
