कालाअंब-पांवटा साहिब एनएच-07 के फोरलेन को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। करीब 60 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की आगे की निर्माण प्रक्रिया अब एनएचएआई के हाथ में जाने वाली है।
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब से पांवटा साहिब को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-07 के फोरलेन प्रोजेक्ट को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। राज्य एनएच की देखरेख कर रहे लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधीन लाने की प्रक्रिया पूरी कर दी है। हालांकि, एनएचएआई की ओर से अभी मार्ग का औपचारिक अधिग्रहण किया जाना बाकी है।
एनएचएआई के परियोजना अधिकारी अनिल दहिया के अनुसार, करीब 60 किलोमीटर लंबे कालाअंब-पांवटा साहिब मार्ग को एनएचएआई के अधीन लेने की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद फोरलेन निर्माण से जुड़ी आगामी तैयारियों की नए सिरे से समीक्षा की जाएगी।
राज्य एनएच विभाग द्वारा तैयार किए गए फोरलेन के प्राक्कलन का एनएचएआई दोबारा परीक्षण करेगा। समीक्षा के दौरान यदि किसी तरह की कमी या बदलाव की जरूरत सामने आती है तो प्राक्कलन में संशोधन के बाद ही निर्माण की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
फोरलेन की प्रस्तावित चौड़ाई को ध्यान में रखते हुए सड़क के साथ उपलब्ध भूमि की स्थिति का भी दोबारा जायजा लिया जा सकता है। वहीं, परियोजना के दायरे में आने वाले स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई भी आगे की प्रक्रिया का हिस्सा होगी।
स्टेट एनएच के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कालाअंब-पांवटा साहिब एनएच-07 के फोरलेन निर्माण से संबंधित आगामी कार्यवाही अब केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एजेंसी एनएचएआई के स्तर पर आगे बढ़ाई जाएगी।
