हिमाचल में बड़ा फैसला: शून्य छात्र संख्या वाले 100 सरकारी स्कूल डिनोटिफाई
शिमला। हिमाचल प्रदेश में शून्य छात्र संख्या वाले 100 सरकारी स्कूलों पर सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। इनमें 77 राजकीय प्राथमिक और 23 राजकीय माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को डिनोटिफाई करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है।
शिक्षा निदेशालय ने सभी संबंधित उपनिदेशकों (प्रारंभिक शिक्षा) को सरकार की ओर से 29 सितंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्कूलों से जुड़ी विभागीय औपचारिकताएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी करनी होंगी।
विभाग ने डिनोटिफाई किए गए स्कूलों के रिकॉर्ड और अभिलेखीय कार्य भी नियमानुसार पूरा करने को कहा है। इसके लिए 17 अगस्त 2024 और 11 सितंबर 2025 को जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को इसकी अनुपालन रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को भेजनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों से जुड़े सभी प्रशासनिक और रिकॉर्ड संबंधी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरे किए जाएं।
सरकार के इस फैसले के बाद शून्य छात्र संख्या वाले इन 100 सरकारी स्कूलों को लेकर विभागीय स्तर पर आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
