नाहन में चिट्टे की खेप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 19.44 ग्राम हेरोइन बरामद
ददाहु क्षेत्र में नशे की सप्लाई करने की सूचना पर डिटेक्शन सेल ने की कार्रवाई, कार से बरामद हुआ नशा और नकदी
नाहन (सिरमौर)। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डिटेक्शन सेल नाहन की टीम ने दो आरोपियों को 19.44 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1000 रुपये की नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, डिटेक्शन सेल की टीम चबांहा के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ददाहु निवासी रोहित परमार और निकुंज कुमार उर्फ भानु कथित तौर पर क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त हैं और एक वाहन में चिट्टे की खेप लेकर कालाअंब की ओर से ददाहु जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन HP 63C-2969 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 19.44 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 1000 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
