कालाअंब में दड़ा-सट्टा लगाते व्यक्ति पर पुलिस की कार्रवाई, नकदी व पर्चियां बरामद
कालाअंब (सिरमौर)। पुलिस थाना कालाअंब की टीम ने त्रिलोकपुर रोड स्थित सब्जी मंडी के पास कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को कथित तौर पर दड़ा-सट्टा लगाते हुए पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टे की पर्चियों के साथ 1190 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्रिलोकपुर रोड सब्जी मंडी के पास दबिश दी गई। मौके पर एक व्यक्ति लोगों से दड़ा-सट्टा लगवाता पाया गया। वह एक रुपये के बदले 60 रुपये देने का लालच देकर लोगों को सट्टा खेलने के लिए आकर्षित कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी की पहचान विकास बाबू पुत्र दलवीर सिंह निवासी बनकटी खुर्द, जिला इटावा, उत्तर प्रदेश के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दड़ा-सट्टा पर्चियां और 1190 रुपये की नकदी बरामद हुई।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना कालाअंब में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
