ऊना के बाथड़ी में झुग्गियों पर पलटा टिप्पर, मां-बेटी की मौत
चढ़ाई पर अचानक पीछे खिसका वाहन, हादसे के बाद चालक मौके से फरार
ऊना। हरोली क्षेत्र के औद्योगिक इलाके बाथड़ी में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने प्रवासी मजदूर परिवार की खुशियां छीन लीं। चढ़ाई पर जा रहा एक पंजाब नंबर का टिप्पर अचानक पीछे की ओर खिसक गया और करीब 10 फुट गहरे गड्ढे में बनी झुग्गियों पर जा गिरा। हादसे में झुग्गी में मौजूद मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रिंकू देवी (40) और उनकी 6 वर्षीय बेटी कोमल कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मोहन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत-बचाव कार्य के साथ हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक टिप्पर क्रेशर से जुड़ा हुआ था और चढ़ाई के दौरान अचानक पीछे की ओर आ गया।
पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
