5.83 करोड़ से जल्द पूरा होगा ITI कफोटा का भवन, पेयजल-बिजली योजनाओं को भी मिलेगी रफ्तार
बोराड और खजुरी-पाटनी योजनाओं से पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद – हर्षवर्धन चौहान
कफोटा (सिरमौर)। कफोटा क्षेत्र के विकास को लेकर प्रदेश सरकार ने कई अहम परियोजनाओं को गति देने का फैसला किया है। आईटीआई कफोटा का भवन 5.83 करोड़ की लागत से जल्द पूरा होगा, जबकि करीब 7 करोड़ रूपए की दो पेयजल योजनाओं से क्षेत्र की पानी की समस्या के समाधान का रास्ता साफ होगा।
उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कफोटा में आयोजित 15वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
5.83 करोड़ रूपए से पूरा होगा ITI भवन
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आईटीआई कफोटा के भवन का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार ने 5 करोड़ 83 लाख रूपए स्वीकृत किए हैं। इस राशि से भवन का शेष कार्य जल्द पूरा कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।
करीब 7 करोड़ रूपए की पेयजल योजनाओं पर काम
उन्होंने बताया कि कफोटा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए 5.50 करोड़ रूपए की बोराड पेयजल आपूर्ति योजना और 1.50 करोड़ रूपए की खजुरी-पाटनी पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। दोनों योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान में मदद मिलेगी।
33 केवी सब-स्टेशन से बिजली व्यवस्था होगी मजबूत
मंत्री ने कहा कि कफोटा में 33 केवी विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर है।
