यमुना नदी में गिरे व्यक्ति का हथनीकुंड बैराज के पास मिला शव, पांवटा साहिब से बह गया था निखिल गुप्ता
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में यमुना नदी के पुल से गिरकर लापता हुए व्यक्ति का शव आखिरकार बरामद कर लिया गया है। करीब पांच दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव हरियाणा के हथनीकुंड बैराज के निकट मिला। शव की शिनाख्त निखिल गुप्ता पुत्र सुरेश गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर-12, पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे निखिल गुप्ता पांवटा साहिब स्थित यमुना नदी पुल से गिर गया था। नदी के तेज बहाव में बह जाने के बाद स्थानीय प्रशासन ने उसकी तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
तलाशी अभियान में स्थानीय प्रशासन के गोताखोरों के साथ पैंथर वाइल्ड एडवेंचर राफ्टिंग टीम ने भी सहयोग किया। इसके अलावा यमुनानगर और सहारनपुर प्रशासन से भी सहायता ली गई। दोनों जिलों से तैनात किए गए दक्ष गोताखोरों के साथ राज्य आपदा प्रबंधन टीम ने भी नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
कई दिनों तक चले अभियान के बाद आखिरकार निखिल गुप्ता का शव हथनीकुंड बैराज के निकट बरामद हुआ। प्रशासन की ओर से शव की पहचान की पुष्टि कर दी गई है। आवश्यक कानूनी एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
उपमंडलाधिकारी पांवटा साहिब ने बताया कि निखिल गुप्ता की तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन के अलावा यमुनानगर और सहारनपुर प्रशासन, निपुण गोताखोरों, पैंथर वाइल्ड एडवेंचर राफ्टिंग टीम और राज्य आपदा प्रबंधन टीम का सहयोग लिया गया। सभी टीमों ने लगातार प्रयास किए, जिसके बाद निखिल गुप्ता का शव हथनीकुंड बैराज के निकट बरामद कर लिया गया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
