गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पुष्पांजलि अर्पित कर सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को किया याद
शिमला। महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा के संदेश और लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, अनुशासन व राष्ट्रसेवा के आदर्शों को शुक्रवार को हिमाचल में याद किया गया। गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दोनों महान नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य आज के शोर में विवेक की आवाज है, जबकि उनकी अहिंसा मतभेदों के बीच संवाद और सद्भाव का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की सादगी आज के दिखावे के बीच संयम की सीख देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय और साधन भले ही बदल गए हों, लेकिन सत्य, सेवा, अनुशासन, सादगी और राष्ट्र के प्रति निष्ठा के गांधी और शास्त्री के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘भारत रत्न’ लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ नेतृत्व के प्रतीक लाल बहादुर शास्त्री ने अपने जीवन और विचारों से देश को नई दिशा प्रदान की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि शास्त्री का प्रसिद्ध मंत्र “जय जवान, जय किसान” आज भी देश के वीर जवानों और अन्नदाताओं के सम्मान तथा उनके योगदान की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इसके बाद जयराम ठाकुर ने महात्मा गांधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह के मार्ग पर चलकर राष्ट्र को नई दिशा देने वाले महात्मा गांधी के विचार और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
