चंबा मैदान में भर्ती परीक्षाओं की तैयारी का रास्ता साफ, एक माह के लिए समय-सारणी जारी
नाहन में पुलिस, सेना और अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। अब अभ्यर्थी चंबा मैदान में तय समय के अनुसार सुबह और शाम अभ्यास कर सकेंगे।
नाहन (सिरमौर)। पुलिस, सेना एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए नाहन स्थित चंबा मैदान में अभ्यास के लिए समय-सारणी निर्धारित की गई है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा के निर्देश पर यह व्यवस्था अगले एक माह तक लागू रहेगी।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को सुबह 3:00 बजे से 5:30 बजे तक तथा शाम 6:00 बजे से 8:00 बजे तक चंबा मैदान में अभ्यास करने की अनुमति होगी।
पुलिस कर्मियों की होगी तैनाती
निर्धारित व्यवस्था के तहत पुलिस विभाग की ओर से सुबह 3:00 बजे से 5:30 बजे तक चंबा मैदान को खोलने और बंद करने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा अनुशासन बनाए रखने के लिए सुबह और शाम दोनों सत्रों के दौरान मैदान में नियमित गश्त भी की जाएगी।
तय समय के बाहर मैदान में अभ्यास की अनुमति नहीं
अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है और केवल एक माह के लिए लागू की गई है। निर्धारित समय के अतिरिक्त अभ्यर्थी मैदान का उपयोग नहीं कर सकेंगे। इस अवधि में चंबा मैदान युवा सेवा एवं खेल विभाग की नियमित गतिविधियों के लिए उपलब्ध रहेगा। साथ ही, मैदान की बुकिंग होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को अभ्यास की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों के लिए शौचालय और वाटर कूलर की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इंडोर परिसर में प्रवेश पर रोक
दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थी केवल चंबा मैदान का उपयोग कर सकेंगे। उन्हें इंडोर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इंडोर परिसर केवल पंजीकृत और शुल्क देने वाले सदस्यों के लिए आरक्षित रहेगा।
इसके अलावा अभ्यर्थी व्यक्तिगत रूप से ही अभ्यास कर सकेंगे। किसी भी अकादमी के संचालन की अनुमति नहीं होगी।
फुटबॉल सत्र के दौरान नहीं मिलेगा मैदान
युवा सेवा एवं खेल विभाग के प्रशिक्षकों द्वारा आयोजित फुटबॉल सत्रों के दौरान अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश करने, बीच में दौड़ लगाने या किसी भी तरह हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी, सिरमौर द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। दुर्व्यवहार या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
