हमीरपुर: फर्जी आईडी दिखाकर एनआईटी कैंपस में दाखिल हुआ आईआईटी का छात्र, हॉस्टल में चोरी के आरोप में गिरफ्तार
दो दिन पहले बिना आईडी के गेट से लौटाया गया था, अगले दिन एआई की मदद से तैयार फर्जी कार्ड दिखाकर फिर पहुंचा कैंपस। पुलिस के अनुसार आरोपी पर हॉस्टलों के कमरों से नकदी चोरी करने का आरोप है और तलाशी में 21,510 रुपये समेत कई दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ है।
हमीरपुर। हमीरपुर स्थित एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) के हॉस्टल में चोरी के मामले में पुलिस ने आईआईटी मंडी के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य चौधरी निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एनआईटी के हिमगिरि और उदयगिरि हॉस्टल में विद्यार्थियों के कमरों से नकदी चोरी की।
मामला उस समय सामने आया जब 29 सितंबर को हॉस्टल अटेंडेंट गुरभाग सिंह और मैस मैनेजर तेज कुमार हिमगिरि हॉस्टल में निरीक्षण कर रहे थे। दोपहर करीब 3:10 बजे उन्होंने जी-54 कमरे से एक युवक को बाहर निकलते देखा। युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम आदित्य चौधरी बताया, लेकिन हॉस्टल में मौजूद होने की संतोषजनक वजह नहीं बता सका।
इसके बाद उसे एमएमसीए कार्यालय ले जाया गया, जहां सहायक वार्डन डॉ. नीरज धीमान ने भी उससे पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने हिमगिरि के अलावा उदयगिरि हॉस्टल में भी चोरी करने की बात स्वीकार की। इसी बीच कुछ विद्यार्थियों ने अपने कमरों से नकदी चोरी होने की जानकारी दी।
दो दिन पहले बिना आईडी लौटाया, फिर फर्जी कार्ड लेकर पहुंचा
पुलिस जांच के अनुसार आदित्य 28 सितंबर को पेपर देने के बाद हमीरपुर पहुंचा था। एनआईटी के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मियों ने उससे पहचान पत्र मांगा, लेकिन आईडी नहीं होने के कारण उसे वापस भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक अगले दिन वह दोबारा संस्थान पहुंचा और सुरक्षा कर्मियों को एक फर्जी आईडी कार्ड दिखाया। बताया जा रहा है कि यह कार्ड उसने एआई की सहायता से तैयार किया था। जब सुरक्षा कर्मियों ने कार्ड की हार्ड कॉपी दिखाने को कहा तो उसने इसे हॉस्टल के कमरे में होने की बात कही। इसके बाद वह कैंपस में प्रवेश करने में सफल रहा।
खुले कमरों को बनाया निशाना
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को हॉस्टल की व्यवस्था की जानकारी थी। आरोप है कि उसने ऐसे कमरों को निशाना बनाया जो खुले मिले और वहां से नकदी समेत अन्य सामान निकाल लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 21,510 रुपये नकद, एसबीआई और पीएनबी के एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आईआईटी मंडी का पहचान पत्र, मोबाइल फोन, लैपटॉप और एचआरटीसी बस टिकट सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
ऑनलाइन गेमिंग में नुकसान के बाद चोरी का आरोप
पुलिस जांच में ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग से जुड़े एक अन्य पहलू की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इसी आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए उसने कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
आदित्य चौधरी आईआईटी मंडी में बीएससी कंप्यूटर साइंस का विद्यार्थी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी डिग्री 2026 में पूरी होनी थी, लेकिन सीजीपीए बेहतर न होने के कारण उसे एक्सटेंशन मिली है।
दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
सदर थाना हमीरपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब चोरी की अन्य संभावित वारदातों, बरामद सामान और एनआईटी में प्रवेश के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह के अनुसार मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
