नारंग में भी चमका कोटडी व्यास विद्यालय का नाम, योग खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण व रजत पदक
तीन अलग-अलग योग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर खिलाड़ियों ने बढ़ाया विद्यालय का मान, आर्टिस्टिक योग पेयर में हासिल किया जिला विजेता का खिताब
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारंग पछाद में 27 से 29 सितंबर तक आयोजित अंडर-19 जिला स्तरीय बॉयज इंडोर खेल प्रतियोगिता में शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटडी व्यास के योग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में कोटडी व्यास के खिलाड़ियों ने आर्टिस्टिक योग, ट्रेडिशनल योग और रिदमिक योग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आर्टिस्टिक योग पेयर में हर्ष पुत्र बबर राज, उपरली कोटडी और शिवानंद पुत्र हरिकेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला विजेता का खिताब हासिल किया।
वहीं ट्रेडिशनल योग में सौरभ पुत्र चमेल, भूड़ व्यास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। रिदमिक योग में हर्ष पुत्र बबर राज और अशोक पुत्र —, उपरली कोटडी ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा आर्टिस्टिक योग में हर्ष पुत्र बबर राज ने भी रजत पदक जीतकर विद्यालय की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ी।
विद्यालय के योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि विद्यालय के योग खिलाड़ी पिछले पांच वर्षों से लगातार जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के चलते विद्यालय को लगातार गौरवपूर्ण उपलब्धियां मिल रही हैं।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान मान सिंह सहित मुलकराज, राजकुमार, पवन कुमार, अनिल कुमार, शेर सिंह और मेहर सिंह कोटडी व्यास तथा युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षक, अभिभावकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री जीवन प्रकाश जोशी एवं समस्त स्टाफ ने भी सभी खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
