नाहन में नशे की खेप के साथ आरोपी गिरफ्तार, 6.16 ग्राम हेरोइन बरामद
नाहन में नशीली दवाओं की कथित बिक्री की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6.16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ 500 प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए गए।
नाहन (सिरमौर)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डिटेक्शन सेल नाहन की पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को मादक पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.16 ग्राम हेरोइन/चिट्टा, 300 परेगाबालीन कैप्सूल और 200 टेपन्टाडोल टेबलेट्स बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को डिटेक्शन सेल नाहन की टीम नाहन-कालाअंब मार्ग पर दोसड़का के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि काबल कुमार पुत्र प्रेमपाल, निवासी ओलीवाला कोटड़ी, नाहन, कथित तौर पर नशीली दवाओं और चिट्टा/हेरोइन की बिक्री में संलिप्त है तथा हरियाणा से मादक पदार्थ की खेप लेकर कंगनीवाला नेचर पार्क कैफे के पास बैठा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.16 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने Pregabalin Capsules IP के 300 कैप्सूल और Tapentadol की 200 टैबलेट भी बरामद कीं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना नाहन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में मादक पदार्थों की सप्लाई और अन्य संभावित कड़ियों को लेकर जांच कर रही है।
