Home राजनीति दिल्ली थप्पड़ कांड में बड़ा एक्शन: मंत्री प्रवेश वर्मा पर एनसीआर, आप विधायक जरनैल सिंह पर एफआईआर

दिल्ली थप्पड़ कांड में बड़ा एक्शन: मंत्री प्रवेश वर्मा पर एनसीआर, आप विधायक जरनैल सिंह पर एफआईआर

by Dainik Janvarta
0 comment

दिल्ली: मंत्री प्रवेश वर्मा के थप्पड़ विवाद में पुलिस का एक्शन, आप विधायक जरनैल सिंह पर एफआईआर

नई दिल्ली। दिल्ली में सड़क की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। मंत्री प्रवेश वर्मा पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाने वाले साहिब सिंह की शिकायत पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है, जबकि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की शिकायत के आधार पर आप विधायक जरनैल सिंह और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 के तहत नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की गई है। शिकायत साहिब सिंह की ओर से दी गई थी। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है।

विवाद से जुड़ीं पांच शिकायतें

पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ये शिकायतें तिलक नगर और विकासपुरी थानों में दी गई हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं और शिकायतों की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पांच शिकायतों में एक साहिब सिंह की ओर से है। वहीं पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों की तरफ से विधायक जरनैल सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ दो शिकायतें दी गई हैं। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भी दो शिकायतें पुलिस को मिली हैं।

सड़क निरीक्षण के दौरान बढ़ा विवाद

मामला रविवार को उस समय शुरू हुआ जब दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पश्चिमी दिल्ली के इलाके में सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। मौके पर आप विधायक जरनैल सिंह भी मौजूद थे। सड़क की गुणवत्ता को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई।

घटना से जुड़े सामने आए एक वीडियो में जरनैल सिंह सड़क की सतह का हिस्सा हाथ से निकालकर उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाते नजर आते हैं। इसके बाद मौके पर विवाद बढ़ गया।

इसी घटनाक्रम के दौरान सामने आए एक अन्य वीडियो में प्रवेश वर्मा एक व्यक्ति के मोबाइल की ओर हाथ बढ़ाते और फिर उसे थप्पड़ मारते हुए दिखाई देते हैं। बाद में उस व्यक्ति की पहचान साहिब सिंह के रूप में बताई गई।

साहिब सिंह के अनुसार, वह मौके पर घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, साहिब सिंह के खिलाफ पहले से एमसीडी कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज है। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी और वह फिलहाल जमानत पर है।

पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने लगाए ये आरोप

वहीं, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों और ठेकेदार की ओर से दी गई शिकायतों में जरनैल सिंह पर सड़क का काम रुकवाने की कोशिश करने और पैसे की मांग करने के आरोप लगाए गए हैं। एक शिकायत में नई बनी सड़क को नुकसान पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप भी शामिल हैं। इन आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।

दो थानों में क्यों पहुंचीं शिकायतें?

पुलिस के अनुसार, विवादित सड़क का दोनों तरफ का हिस्सा विकासपुरी थाना क्षेत्र में आता है, जबकि गुरुद्वारे वाला हिस्सा तिलक नगर थाना क्षेत्र में पड़ता है। इसी वजह से घटना से संबंधित शिकायतें दोनों थानों में पहुंचीं।

पुलिस का कहना है कि दो अलग-अलग थानों में शिकायत दिए जाने का मतलब यह नहीं है कि सभी शिकायतों पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज होंगी। पहले शिकायतों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पुलिस ने क्या कहा?

पश्चिमी जिला पुलिस के डीसीपी हरेस्वर वी. स्वामी के अनुसार, तिलक नगर और विकासपुरी क्षेत्र में हुई कथित थप्पड़ की घटना को लेकर साहिब सिंह और पीडब्ल्यूडी के असिस्टेंट इंजीनियर की शिकायतों के आधार पर संबंधित कानूनी धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस को कुछ अन्य शिकायतें भी मिली हैं, जिन पर जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.