हिमाचल के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। एशियाई खेलों में देश के लिए पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को अब कुल 5.33 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि का ऐलान करते हुए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है।
शिमला। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए कुल 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।
एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। इस टीम में हिमाचल की पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल थीं। प्रत्येक खिलाड़ी को 33.33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। चारों खिलाड़ियों को मिलाकर करीब 1.33 करोड़ रुपये मिलेंगे। टीम पुरस्कार का वितरण खिलाड़ियों की भागीदारी के अनुपात के अनुसार निर्धारित नियमों के तहत किया जाएगा।
सावन बरवाल को 2.50 करोड़, सीमा कुमारी को 1.50 करोड़
पुरुषों की मैराथन में रजत पदक जीतने वाले मंडी जिले के सावन बरवाल को राज्य सरकार 2.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देगी। वहीं, महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल करने वाली चंबा की सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
एशियाई खेलों में पदक पर तय है इतनी राशि
राज्य सरकार की मौजूदा पुरस्कार नीति के तहत एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 4 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 2.50 करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने का प्रावधान है।
वहीं, ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 5 करोड़ रुपये, रजत के लिए 3 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जाते हैं।
2024 में खिलाड़ियों को दिए 17.44 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले और पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को कुल 17.44 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने तीन प्रतिशत स्पोर्ट्स कोटा के तहत अब तक 99 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाने के लिए विशेष छुट्टी का प्रावधान भी किया गया है।
सरकार ने खिलाड़ियों के डाइट अलाउंस में भी बढ़ोतरी की है। इसके अलावा प्रदेश से बाहर प्रतियोगिताओं में जाने वाले खिलाड़ियों के लिए यात्रा सुविधाओं में भी बदलाव किया गया है। 200 किलोमीटर तक की यात्रा पर एसी 3-टियर ट्रेन का किराया, जबकि 200 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा करने वाले खिलाड़ियों को इकोनॉमी क्लास हवाई टिकट की सुविधा दिए जाने का प्रावधान है।
