शिलाई में चरस तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, 74.82 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
गुप्त सूचना के आधार पर रेन शेल्टर में दबिश, पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट में केस दर्ज किया
शिलाई (सिरमौर), 28 सितंबर। जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 74.82 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को शिलाई पुलिस की टीम गश्त पर थी और टिक्कर के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि संजीव निवासी गांव डाहर, डाकघर जरवा, तहसील शिलाई, शिलाई बाजार स्थित रेन शेल्टर में खड़ा है और कथित तौर पर चरस बेचने का काम करता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 74.82 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पुलिस थाना शिलाई में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और बरामद मादक पदार्थ के स्रोत तथा इसकी संभावित सप्लाई को लेकर भी जांच की जा रही है।
